दिल्ली में सोमवार (10 नवंबर) को हुए भीषण कार ब्लास्ट ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद केंद्र सरकार पूरी तरह से सतर्क हो गई है। गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर इस समय एक हाई लेवल सुरक्षा बैठक चल रही है। इस बैठक में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के महानिदेशक, खुफिया ब्यूरो (IB) के डायरेक्टर, दिल्ली पुलिस कमिश्नर और अन्य शीर्ष सुरक्षा अधिकारी मौजूद हैं।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के एक व्यस्त इलाके में हुई इस ब्लास्ट की जांच NIA और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल मिलकर कर रही है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि विस्फोटक सामग्री एक कार में रखी गई थी, जिसमें ब्लास्ट के बाद आग लग गई। घटना स्थल से सुरक्षा एजेंसियों ने कई साक्ष्य जुटाए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक टीमों को भेजा गया है।
गृह मंत्री अमित शाह ने घटना को गंभीर मानते हुए तुरंत रिपोर्ट तलब की है। बैठक में सुरक्षा एजेंसियों को राजधानी के सभी संवेदनशील इलाकों में अलर्ट जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मेट्रो स्टेशनों, सरकारी भवनों, दूतावासों और प्रमुख बाजारों में सुरक्षा बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस विस्फोट के पीछे किसी आतंकी साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। NIA की टीम घटना स्थल पर मौजूद है और ब्लास्ट के हर एंगल की गहन जांच कर रही है। वहीं, IB के अधिकारी दिल्ली में हाल के दिनों में देखी गई संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्ट गृह मंत्रालय को सौंप रहे हैं।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि ब्लास्ट से पहले कार की मूवमेंट और संदिग्ध लोगों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है, लेकिन कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं, खासकर उन राज्यों को जहां बड़े धार्मिक आयोजन या राजनीतिक कार्यक्रम चल रहे हैं। अमित शाह ने अधिकारियों को कहा है कि “राजधानी में किसी भी स्थिति में सुरक्षा में सेंध नहीं लगनी चाहिए।”
घटना के बाद दिल्ली के कई इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। ड्रोन सर्विलांस और डॉग स्क्वॉड की मदद से हर संदिग्ध वाहन और वस्तु की जांच की जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


