राजस्थान के श्रीगंगानगर से सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां हरियाणा निवासी 45 वर्षीय सुरजीत सिंह नामक व्यक्ति ने अपनी कार में पेट्रोल डालकर खुद को जिंदा जला लिया। घटना इतनी भयावह थी कि धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। जब तक लोग कार के पास पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, तब तक सुरजीत की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक का चार दिन पहले ही अपनी लिव-इन पार्टनर से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद वह तनाव में था।
यह दर्दनाक हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के सद्भावना नगर के पावन धाम इलाके में सोमवार सुबह करीब 11:15 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, सुरजीत सिंह हरियाणा के बावल का रहने वाला था और पिछले कुछ महीनों से श्रीगंगानगर में अपनी लिव-इन पार्टनर के साथ रह रहा था। थाना इंचार्ज अमन कुमार ने बताया कि दोनों पावन धाम में किराए पर रहते थे। चार दिन पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद से सुरजीत काफी परेशान था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सोमवार सुबह सुरजीत अपनी कार लेकर पावन धाम के पास पहुंचा। गाड़ी में उसका कुछ सामान भी रखा हुआ था। उसने घर के सामने कार में पेट्रोल डाला और अंदर बैठकर आग लगा ली। कुछ ही सेकंड में गाड़ी में जबरदस्त धमाका हुआ और आग की लपटें उठने लगीं। आसपास के लोग और महिलाएं मौके पर पहुंचीं और किसी तरह आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक सुरजीत पूरी तरह झुलस चुका था।
पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि सुरजीत और उसकी लिव-इन पार्टनर के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। दोनों की आवाजें कई बार बाहर तक सुनाई देती थीं। लगभग पांच महीने पहले दोनों पावन धाम में रहने आए थे, लेकिन उनका रिश्ता तनावपूर्ण चल रहा था। पुलिस को शक है कि लगातार झगड़ों और मानसिक तनाव के चलते सुरजीत ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी राहुल यादव ने बताया कि “सुबह करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि पावन धाम के पास एक कार में आग लगी है। जब टीम पहुंची तो वाहन पूरी तरह जल चुका था और अंदर एक शव मिला।” कार से बरामद दस्तावेजों में मृतक के पते लुधियाना, हरियाणा और भिवाड़ी के लिखे हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि घटना से पहले की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोग अभी भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।


