राजस्थान की सियासत में सोमवार को बड़ा राजनीतिक हलचल देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अचानक दिल्ली पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसे दिवाली के बाद की शिष्टाचार भेंट बताया है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों की संभावनाओं से जोड़ा जा रहा है। माना जा रहा है कि मुलाकात के दौरान प्रदेश सरकार के कामकाज, संगठनात्मक संतुलन और आगामी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
भजनलाल शर्मा सरकार आगामी 15 दिसंबर को अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे करने जा रही है। वर्तमान में मुख्यमंत्री समेत कुल 24 मंत्री हैं, जबकि छह पद अभी भी रिक्त हैं। ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि मंत्रिमंडल फेरबदल के साथ न केवल खाली पद भरे जाएंगे, बल्कि कुछ नए चेहरे भी शामिल हो सकते हैं। यह कदम सरकार के भीतर सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य में चल रहे प्रमुख विकास कार्यों, योजनाओं और भविष्य के कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही 10 दिसंबर को होने वाले पहले ‘राजस्थानी प्रवासी दिवस’ का न्योता भी प्रधानमंत्री को दिया गया। भजनलाल शर्मा ने ‘विकसित राजस्थान-2047’ विजन को साकार करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी विस्तृत जानकारी दी।
प्रधानमंत्री मोदी से भेंट के बाद मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात की। इसे संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह दिल्ली दौरा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पिछले तीन महीनों में तीसरा पीएम मोदी से मुलाकात का मौका है। इससे पहले उन्होंने जुलाई और सितंबर में भी प्रधानमंत्री से भेंट की थी। वहीं सितंबर में बांसवाड़ा में हुए एक कार्यक्रम में पीएम मोदी, भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एक मंच पर नजर आए थे, जिसके बाद पार्टी के अंदर नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि मुख्यमंत्री शर्मा का यह दिल्ली दौरा आगामी मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों की रूपरेखा तय करने के संकेत दे रहा है। भाजपा संगठन में भी इस विषय पर मंथन जारी है और संभावना है कि नवंबर के पहले सप्ताह में इस पर औपचारिक घोषणा हो सकती है।



Good script good analytic thoughts , incomparable