दिल्ली में सोमवार (10 नवंबर 2025) की शाम को लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हुए कार ब्लास्ट ने पूरे देश को दहला दिया है। इस धमाके का पुलवामा कनेक्शन सामने आने के बाद जांच एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। सूत्रों के मुताबिक जिस हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ, वह पहले पुलवामा के एक व्यक्ति तारिक को बेची गई थी। यह खुलासा होते ही जांच की दिशा आतंकवाद की ओर मुड़ गई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी i20 कार में विस्फोट हुआ। इस घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, एनआईए, एसपीजी और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने घटनास्थल का दौरा करने के बाद स्थिति की समीक्षा की। गृह मंत्री ने कहा कि “हर एंगल से जांच की जा रही है, किसी भी साजिश को बख्शा नहीं जाएगा।” इस मामले पर मंगलवार (11 नवंबर) को अमित शाह की अध्यक्षता में हाई-लेवल सुरक्षा बैठक बुलाई गई है, जिसमें एनआईए, इंटेलिजेंस ब्यूरो और दिल्ली पुलिस के अधिकारी शामिल होंगे।
इस धमाके के बाद पुलिस ने कार के पुराने मालिक सलमान को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गाड़ी हरियाणा के गुरुग्राम (HR26 नंबर) में पंजीकृत थी और बाद में अंबाला में बेची गई थी। पुलिस के अनुसार, गाड़ी की खरीद-फरोख्त के दौरान फर्जी कागजातों का इस्तेमाल किया गया था। अब आरटीओ रिकॉर्ड्स खंगाले जा रहे हैं ताकि असली मालिक और तारिक के बीच हुए ट्रांजेक्शन का पता लगाया जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कार में विस्फोटक कैसे पहुंचा और इसमें कौन-कौन शामिल था।
इस बीच, दिल्ली और एनसीआर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीआईएसएफ ने लाल किले के आसपास और अपने सुरक्षा घेरे में आने वाले सभी प्रतिष्ठानों को हाई अलर्ट पर रखा है। इसमें दिल्ली मेट्रो, लाल किला, आईजीआई एयरपोर्ट और अन्य सरकारी इमारतें शामिल हैं। सीआईएसएफ ने बयान जारी कर कहा है कि “लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए वाहन विस्फोट के मद्देनजर सभी सुरक्षित प्रतिष्ठानों की निगरानी बढ़ा दी गई है, और जवानों को सतर्क मोड पर रखा गया है।”
घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। एनआईए की फॉरेंसिक टीम ने मौके से सैंपल एकत्र किए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ब्लास्ट में किस प्रकार के विस्फोटक का इस्तेमाल हुआ। सूत्रों के अनुसार, प्राथमिक जांच में यह ‘लो इंटेंसिटी’ ब्लास्ट बताया जा रहा है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे आतंकी साजिश मानकर चल रही हैं।
फिलहाल पूरे दिल्ली-एनसीआर में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स की गश्त बढ़ा दी गई है। गाड़ी का पुलवामा कनेक्शन मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस से भी संपर्क किया गया है। केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि राजधानी की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


