रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे ने सिर्फ दो देशों के बीच रिश्तों को नहीं बल्कि तीसरे देश—अमेरिका—को भी बेचैन कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस दौरे की हर गतिविधि पर नजरें लगाए हुए हैं। पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच दिख रही दोस्ती और गर्मजोशी ने वॉशिंगटन को असहज कर दिया है। अमेरिका चाहता है कि भारत पूरी तरह उसके पाले में खड़ा हो, लेकिन भारत अपने पुराने रणनीतिक साझेदार रूस को छोड़ने के मूड में नहीं है और उसने अमेरिकी दबाव के बावजूद रूसी कच्चे तेल की खरीद जारी रखी है।
प्रधानमंत्री मोदी और पुतिन के बीच पुराने और मजबूत रिश्ते हैं, जबकि मोदी और ट्रंप के बीच भी व्यक्तिगत मित्रता हमेशा चर्चा में रही है। लेकिन विदेश नीति में मोदी सरकार स्पष्ट कर चुकी है कि उसका निर्णय भावनाओं नहीं, बल्कि राष्ट्रहित के आधार पर होगा। इसी वजह से भारत ने रूस के साथ ऊर्जा और रक्षा सहयोग जारी रखा है।
व्लादिमीर पुतिन: रहस्यमयी शक्ति और अपार संपत्ति
73 वर्षीय पुतिन की निजी जिंदगी किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं। आधिकारिक रूप से उनकी सालाना आमदनी करीब 1,40,000 डॉलर बताई जाती है और उनके पास 800 वर्गफुट का एक अपार्टमेंट और तीन कारें होने का दावा किया जाता है।
लेकिन कई अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों का अनुमान है कि पुतिन की वास्तविक संपत्ति 200 अरब डॉलर तक हो सकती है, जो उन्हें दुनिया के सबसे धनी व्यक्तियों में शामिल करती है।
काला सागर के किनारे उनका आलीशान “देहाती कॉटेज” दुनिया की सबसे महंगी प्राइवेट हवेलियों में से एक माना जाता है। बताया जाता है कि इसमें 850 डॉलर का टॉयलेट ब्रश और 1250 डॉलर का टॉयलेट पेपर होल्डर लगा है। हवेली की वार्षिक देखरेख पर 20 लाख डॉलर खर्च होने का अनुमान है। उनके पास शानदार ट्रेन, निजी विमान और लग्जरी वाहनों की एक लंबी फ्लीट भी है।
डोनाल्ड ट्रंप: अरबों की संपत्ति वाले उद्यमी नेता
फोर्ब्स के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप की कुल संपत्ति 7.3 अरब डॉलर है। रियल एस्टेट उनका मुख्य व्यवसाय है और उनके पास कई होटल, गोल्फ कोर्स और प्राइवेट क्लब हैं।
ट्रंप ने क्रिप्टोकरेंसी में भी भारी निवेश किया हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर उन्हें सालाना 400,000 डॉलर वेतन मिलता है।
नरेंद्र मोदी: सत्ता में लेकिन सादगी के साथ
दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संपत्ति इन दोनों नेताओं के मुकाबले बेहद कम है। 2024 के हलफनामे के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति 3.02 करोड़ रुपये है।
मोदी के पास कोई गाड़ी, घर या जमीन नहीं है और मात्र 52,920 रुपये कैश है। उनके पास 2.67 लाख रुपये का सोना और एनएससी में 9.12 लाख रुपये का निवेश है।


