मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को श्रीगंगानगर और फलोदी के दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं और सिंचाई प्रणाली को सुदृढ़ करने से जुड़ा हुआ है। मुख्यमंत्री सुबह 11:30 बजे जयपुर एयरपोर्ट से प्रस्थान करेंगे और दोपहर 12:20 बजे सूरतगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे 12:50 बजे साधुवाली हेलीपैड से गाजर मंडी पहुंचेंगे, जहां दोपहर 1 बजे गंगनहर शताब्दी समारोह में शामिल होंगे।
इस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री कुल 647.62 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले बड़े पुनर्निर्माण प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे। गंगा नहर शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में वे गाजर मंडी और साधुवाली में होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेकर राजस्थान और पंजाब के साझा प्रोजेक्ट—फिरोजपुर फीडर के पुनर्निर्माण की आधारशिला रखेंगे। यह परियोजना सिंचाई व्यवस्था को बड़ा सहारा देने वाली है। इससे लगभग तीन लाख चौदह हजार हेक्टेयर क्षेत्र को पानी उपलब्ध होगा और कृषि उत्पादन में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी की उम्मीद है।
पुनर्निर्माण कार्य में RD ज़ीरो से 168.23 ज़ीरो तक नहर की सीसी लाइनिंग की जाएगी। साथ ही दो हेड रेगुलेटर और एक अन्य हेड रेगुलेटर को पुनर्निर्मित किया जाएगा। एक क्रॉस रेगुलेटर के अलावा उन्नीस ओवरसी और डीआरसी का भी पुनर्निर्माण होगा। परियोजना के तहत तीन रेलवे ओवरब्रिज को भी फिर से तैयार किया जाएगा ताकि जलप्रवाह सुचारु रहे। हरिके बैराज से आने वाला अतिरिक्त पानी अब फिरोजपुर फीडर में अधिक कुशलता से लाया जा सकेगा, जिससे नहर में पानी की उपलब्धता बढ़ेगी और सिंचाई का दायरा व्यापक होगा।
गंगनहर समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:25 बजे साधुवाली हेलीपैड से रवाना होकर सूरतगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे दोपहर 2:55 बजे फलोदी के लिए उड़ान भरेंगे और ढेलाना में आयोजित एक स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। दिनभर की व्यस्तताओं के बाद मुख्यमंत्री शाम 6 बजे फलोदी एयरपोर्ट से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।


