राजस्थान के बारां जिले की चर्चित अंता विधानसभा सीट पर आज उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई और शुरुआती घंटों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। इस सीट पर कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा के मोरपाल सुमन, कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया और निर्दलीय नरेश मीणा के बीच माना जा रहा है। मतदाता शाम 6 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, वेबकास्टिंग से निगरानी
चुनाव को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। कुल 3,077 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जबकि 95 संवेदनशील बूथों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की तैनाती की गई है। इसके अलावा, 13 अंतरराज्यीय नाके और 5 अंतरजिला नाके भी सक्रिय हैं। सभी 268 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है, जिसकी जिला मुख्यालय और रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। सुरक्षा की निगरानी के लिए 12 क्विक रेस्पॉन्स टीम (QRT), 43 मोबाइल पार्टियां, 43 सेक्टर मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ अधिकारी क्षेत्र में तैनात हैं।
मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाए
अंता विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
-
दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर और सहायक कर्मचारी उपलब्ध कराए गए हैं।
-
शिशुओं के साथ आने वाली महिलाओं के लिए प्रत्येक बूथ पर पालने की व्यवस्था है।
-
EVM पर उम्मीदवारों की रंगीन तस्वीरें दी गई हैं ताकि मतदाताओं को पहचानने में आसानी हो।
-
प्रत्येक बूथ पर मोबाइल जमा करने के लिए जूट बैग और दो वालंटियर तैनात किए गए हैं।
इसके अलावा, मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए 5 ग्रीन मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं।
अंता उपचुनाव के आंकड़े एक नजर में
-
कुल मतदाता: 2,28,264
-
पुरुष मतदाता: 1,16,783
-
महिला मतदाता: 1,11,477
-
अन्य मतदाता: 4
-
मतदान केंद्र: 268
-
संवेदनशील बूथ: 95
-
पुलिस बल: 3,077
-
ग्रीन बूथ: 5
अंता सीट का राजनीतिक महत्व
अंता विधानसभा सीट पर यह उपचुनाव पूर्व विधायक कंवरलाल मीणा को कोर्ट द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद खाली हुई थी। इस सीट को मौजूदा सरकार के दो साल के कार्यकाल पर लिटमस टेस्ट माना जा रहा है। यही वजह है कि भाजपा और कांग्रेस, दोनों ने इस सीट पर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित दोनों दलों के शीर्ष नेताओं ने यहां प्रचार किया। वहीं, निर्दलीय नरेश मीणा के मैदान में आने से मुकाबला और भी रोचक हो गया है।
अंता में मतदाता विकास, स्थानीय मुद्दों और जातीय समीकरणों के आधार पर वोट डाल रहे हैं। शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने के बाद सभी की नजरें परिणामों पर टिकेंगी, जो तय करेंगे कि इस सीट पर जनता का भरोसा किस पार्टी के पक्ष में जाता है।


